राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश में अब सर्दी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। पिछले दिनों सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के असर के खत्म होने के बाद उत्तरी ठंडी हवाओं ने दिन में भी ठिठुरन बढ़ा दी है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
READ MORE: MP Morning News: भोपाल में केंद्रीय न्यायपालिका पर होगा मंथन, पीएम मोदी विद्यार्थियों से करेंगे परीक्षा पर चर्चा, AICC की बैठक आज
मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखा गया। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, रीवा, सतना जैसे कई शहरों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानी हुई।
आगे कैसे रहेगा मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 8 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखेगा, जिससे 10 फरवरी से प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से मावठा (हल्की बारिश/ओलावृष्टि) गिरने की संभावना है। फिलहाल अगले 1-2 दिनों में कोहरा बना रह सकता है, लेकिन बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

