सोनीपत। जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक 25 साल की युवती ने इमारत की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई सन्न है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सातवीं मंजिल से कूदकर युवती ने दी जान
यह पूरी घटना सोनीपत के सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज बिल्डिंग की है। मृतका की पहचान उदिता के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ सातवीं मंजिल के फ्लैट में रहती थी। शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे युवती ने अचानक अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद वह बालकनी में गई और रेलिंग पार करके नीचे कूद गई। परिवार के लोग तुरंत उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डिप्रेशन से जूझ रही थी उदिता
पिता अजय कुमार पाटिल ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी। उसका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से चल रहा था और वह नियमित रूप से दवाइयां ले रही थी। घटना से एक दिन पहले ही युवती ने परिजनों से कहा था कि उसके मन में अजीब तरह के विचार आ रहे हैं। परिवार ने उसे संभालने की बहुत कोशिश की थी, लेकिन वह तनाव को हरा नहीं पाई।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
महज एक हफ्ते पहले ही यानी 17 जुलाई को उदिता ने अपना 25वां जन्मदिन बहुत धूमधाम से मनाया था। उसने परिवार के साथ केक काटा और खुशियां बांटी थीं। किसी को यह अंदाजा नहीं था कि जिस बेटी के जन्मदिन पर कुछ दिन पहले जश्न मना था, वह इतना खौफनाक कदम उठा लेगी। मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी और उसकी एक जुड़वां बहन भी है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


