Lifestyle Desk- गर्मियों का मौसम आते ही बाजारों में रसीली और मीठी लीची की बहार दिखाई देने लगती है. अपनी खुशबू, स्वाद और रस से भरपूर लीची बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंदीदा फल मानी जाती है. भारत के कई राज्यों में मिलने वाली लीची सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन देने वाला यह फल कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. आइए जानते हैं इसे खाने के फायदे.

डीहाइड्रेशन से बचाए

लीची में पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, जो शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करती है. तेज गर्मी और पसीने की वजह से शरीर में पानी की कमी होने लगती है, ऐसे में लीची खाने से शरीर को तुरंत ताजगी महसूस होती है. यही वजह है कि डॉक्टर भी गर्मियों में पानी से भरपूर फलों को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं.

विटामिन C से भरपूर

लीची में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है. नियमित रूप से लीची का सेवन करने से संक्रमण और मौसमी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है. इसके अलावा इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं, जिससे त्वचा भी स्वस्थ और चमकदार बनी रहती है.

कम कैलोरी वाला फल

जो लोग वजन नियंत्रित रखना चाहते हैं, उनके लिए भी लीची एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसमें कैलोरी की मात्रा कम होती है और फाइबर मौजूद होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग की समस्या कम हो सकती है.

ब्लड प्रेशर नियंत्रित

लीची दिल की सेहत के लिए भी लाभकारी मानी जाती है. इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं. साथ ही इसमें मौजूद पोटैशियम शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में सहायक होता है. गर्मियों में थकान और कमजोरी महसूस होने पर लीची शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देने का काम करती है.

त्वचा के लिए भी अच्छा

त्वचा की देखभाल में भी लीची काफी उपयोगी साबित हो सकती है. इसमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स त्वचा को हाइड्रेट रखते हैं और बढ़ती उम्र के असर को कम करने में मदद करते हैं. कई लोग लीची का सेवन जूस, स्मूदी, आइसक्रीम और मॉकटेल के रूप में भी करना पसंद करते हैं.

इस बात का रखें ध्यान

हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि लीची का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए. खाली पेट अधिक मात्रा में लीची खाना कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए संतुलित मात्रा में इसका सेवन करना बेहतर माना जाता है. स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल मानी जाने वाली लीची गर्मियों में शरीर को राहत देने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करती है. ऐसे में इस समर फ्रूट को अपनी डाइट का हिस्सा बनाकर गर्मी के मौसम को और भी मजेदार बनाया जा सकता है.