Odisha Desk, महाकालपड़ा (केन्द्रापडा): ओड़िशा की महाकालपड़ा विधानसभा सीट पर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ‘महाकालपड़ा सचेतन नागरिक मंच’ द्वारा आयोजित एक हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजू जनता दल (बीजेडी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अतनु सव्यसाची नायक के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंच ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि वर्तमान विधायक (बीजेपी के दुर्गा प्रसन्न नायक) की छवि को धूमिल करने और उन्हें बदनाम करने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची जा रही है, जिसमें चमेली ओझा को केवल एक ‘मोहरे’ की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।

मंच के प्रवक्ताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि टिकिरी पंचायत की सरपंच चमेली ओझा और पूर्व बीजेडी विधायक अतनु सव्यसाची नायक के बीच काफी करीबी संबंध हैं। अपने निजी और राजनीतिक हितों को साधने के लिए अतनु सव्यसाची ने चमेली ओझा को आगे कर वर्तमान विधायक के खिलाफ एक सुनियोजित जाल बुना है। नागरिक मंच का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे का मुख्य उद्देश्य मौजूदा विधायक की स्वच्छ छवि पर कीचड़ उछालना और क्षेत्र की जनता के बीच उन्हें बदनाम करना है।

सचेतन नागरिक मंच ने एक और सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि इस पूरी साजिश का ताना-बाना कहीं और नहीं, बल्कि खुद महाकालपड़ा के बीजेडी कार्यालय में बुना गया था। वहां बकायदा बैठकें कर वर्तमान राजनीतिक नेतृत्व को घेरने और विवाद खड़ा करने की पूरी रणनीति तैयार की गई थी। इसके साथ ही, मंच ने बीजेडी की पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता सुलता देव पर भी निशाना साधा है। आरोप है कि इस विवाद को हवा देने और राजनीतिक लाभ उठाने में उनकी भूमिका भी संदिग्ध रही है।

गौरतलब है कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव में महाकालपड़ा सीट पर बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला था। यहाँ लंबे समय तक दबदबा रखने वाले बीजेडी के अतनु सव्यसाची नायक को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दुर्गा प्रसन्न नायक के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। चुनाव में मिली इस हार के बाद से ही क्षेत्र में बीजेडी और बीजेपी समर्थकों के बीच राजनीतिक खींचतान लगातार जारी है।

नागरिक मंच के इन ताजा आरोपों के बाद महाकालपड़ा में बीजेडी और बीजेपी के बीच की यह जंग और अधिक आक्रामक होने की संभावना है। इस पूरे विवाद पर अब क्षेत्र के आम मतदाताओं के साथ-साथ राज्य के राजनीतिक गलियारों की निगाहें भी टिक गई हैं कि आने वाले दिनों में बीजेडी नेतृत्व और अतनु सव्यसाची नायक इन गंभीर आरोपों पर क्या सफाई देते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m