गढ़वा। रक्षाबंधन और आने वाले त्योहारों के बीच मिठाई खरीदने वालों के लिए गढ़वा से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मिठाई कारखानों, होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की है। जांच के दौरान चाशनी में औद्योगिक रसायन के इस्तेमाल से लेकर सड़ी मिठाइयों और खराब पनीर तक के मामले सामने आए। कार्रवाई के बाद दो मिठाई कारखानों को सील कर दिया गया।
चाशनी को चमकाने के लिए इस्तेमाल हो रहा था केमिकल
श्री बंशीधर नगर के शिवम स्वीट्स में जांच के दौरान टीम को चाशनी साफ करने के लिए ‘हाइड्रा’ नामक रसायन का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। प्रशासन ने मौके से इस रसायन को जब्त कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों में औद्योगिक उपयोग वाले रसायनों का इस्तेमाल गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कारखाने के खिलाफ कार्रवाई की।
रंगीन मिठाइयों ने बढ़ाई चिंता
निरीक्षण के दौरान परवल की मिठाई में अत्यधिक गहरे हरे रंग का इस्तेमाल पाया गया। टीम ने इसे संदिग्ध मानते हुए मिठाई को जब्त कर नष्ट करा दिया।
इसके अलावा 120 किलो संदिग्ध और रंगीन रसगुल्ले तथा 10 किलो रंगीन परवल की मिठाई को भी नष्ट कराया गया। न्यू शिवम स्वीट्स से करीब 100 किलो सड़ा हुआ और संदिग्ध रसगुल्ला बरामद हुआ।
होटल के किचन में सड़ा पनीर, फ्रीजर में मिली बासी मिठाइयां
खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल और रेस्टोरेंट की रसोई का भी निरीक्षण किया। हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट से फफूंद लगा और बदबूदार पनीर बरामद किया गया।
वहीं ग्वावल स्वीट्स और मां जगदंबा स्वीट्स के फ्रीजर में करीब 8 किलो खराब मिठाइयां रखी मिलीं। न्यू प्लाजा होटल में जलेबी तैयार करने में मानक से अधिक रंग का इस्तेमाल पाया गया। आकाशगंगा होटल का किचन भी नाले के पानी और जलजमाव के बीच संचालित होता मिला।
दो कारखानों पर ताला, 1.05 लाख रुपये का जुर्माना
जांच के बाद प्रशासन ने शिवम स्वीट्स और न्यू शिवम स्वीट्स पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों कारखानों को अगले आदेश तक सील कर दिया गया। आकाशगंगा होटल पर भी 5 हजार रुपये का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया।
जांच टीम ने खोआ, छेना और रसमलाई के नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से त्योहार के दौरान मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। जरूरत से ज्यादा चमकीले रंग वाली मिठाइयों से बचने और चाशनी में असामान्य गंध या स्वाद महसूस होने पर उसका सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने लोगों से पनीर, खोआ और अन्य खाद्य सामग्री अधिकृत दुकानों से खरीदने को कहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


