चमोली। जिले में स्थित श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे के कपाट आज से श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए हैं। गुरुद्वारे के कपाट खुलने के बाद श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे में 12 बजकर 30 मिनट पर इस वर्ष के यात्राकाल की पहली अरदास की गई। श्री हेमकुंट साहिब में आज पहले दिन साढ़े छह हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर मत्था टेका।

आम श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए

श्री हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के चेयरमैन नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि आज कपाट खुलने की प्रक्रियाओं के तहत प्रातः 9 बजे पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद सुखमनी साहिब का पाठ एवं सबद कीर्तन के पश्चात श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारे के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए। इसके बाद साल की पहली अरदास के बाद हुक्मनामा लेकर श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा विधिवत रूप से शुरु हो गई है।

गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि परंपरा के अनुसार सचखंड से गुरू ग्रंथ साहिब को विराजमान कर अखंड पाठ, शबद कीर्तन, अरदास और हुक्मनामा लिया गया। गुरुद्वारे को 5 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। 22 मई को गुरुद्वारे से पंच प्यारों की अगुवाई में पहला जत्था बैंड-बाजों और पवित्र निशान साहिब के साथ रवाना हुआ था।

READ MORE: ‘श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या न हो…’, CS आनन्द बर्द्धन ने चारधाम यात्रा की समीक्षा, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

बता दें कि बीते दिनों सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शासन-प्रशासन को निर्देश दिया था कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हरसंभव सहायता करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि श्री हेमकुंट साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ काम किया है।