अजय सैनी ,भिवानी। पशु सेवा व्यवस्था और डायल 1962 एंबुलेंस सेवा में सुधार की मांग को लेकर राजकीय वेटनरी पॉलीक्लीनिक के बाहर पिछले सात दिनों से चल रहा गौरक्षा दल भिवानी का धरना मंगलवार को समाप्त हो गया।

धरना समाप्त करने का निर्णय पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. रविंद्र सहरावत द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लिया गया। उप निदेशक डॉ. सहरावत, डॉ. सुभाष और डॉ. हरिओम धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं।


पशु चिकित्सा सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पशु चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके साथ ही यह निर्णय लिया गया कि पॉलीक्लीनिक में रात 8 बजे से सुबह 4 बजे तक एक विशेष आपातकालीन टीम तैनात रहेगी, ताकि घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।


आश्वासन मिलने के बाद गौरक्षा दल ने जूस पीकर शांतिपूर्वक अपना धरना समाप्त कर दिया। गौरक्षा दल के अध्यक्ष संजय परमार ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं था, बल्कि व्यवस्था में सुधार के लिए था।
धरना समाप्त होने के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई है।