धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में एक दुकानदार को उधारी के पैसे मांगना भारी पड़ गया। युवक ने अपने साथियों के साथ जमकर मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने अपराध कायम कर लिया है।
युवक ने आपा खो दिया
दरअसल पृथ्वीपर कस्बे में बस स्टैंड पर चाय, गुटका एवं सिगरेट की दुकान चलाने वाले आशिक यादव की दुकान पर कल शाम ध्रुव परमार अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचा और सिगरेट मांग कर दुकान में बैठकर पीने लगा। इसी बीच दुकानदार ने सिगरेट पी रहे युवक ध्रुव से पुरानी उधारी के पैसे मांग लिए, फिर क्या था ध्रुव का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया और उसने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना दुकान में लगे सीटीटीवी में कैद
हालांकि बाद में उसी के साथ सिगरेट पी रहे अन्य युवक ने बीच बचाव किया। मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीटीटीवी में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दुकानदार की शिकायत पर पृथ्वीपर थाने में मारपीट करने वाले युवक ध्रुव पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

