अंकित तिवारी, रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की बरेली तहसील में करोड़ों रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है। बरेली से-पिपरिया-छिंदवाड़ा मार्ग को जोड़ने वाला पुल ग्राम नयागांव के पास करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से एमपीआरडीसी द्वारा निर्मित पुल की साइड दो दिन की तेज बारिश में धंस गई। इससे पुल पर आवागमन फिर से प्रभावित हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि पुल शुरू हुए अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ था और पहली ही तेज बारिश में उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।
READ MORE: नर्मदा नदी में नहाते समय डूबे दो युवक; एक को सुरक्षित बचाया गया, दूसरे की तलाश जारी
गौरतलब है कि करीब सात माह पहले इसी स्थान पर पुराने पुल की मरम्मत के दौरान पुल अचानक गिर गया था। उस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस समय लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य किया जा रहा था, लेकिन बिना यातायात डायवर्ट किए कार्य कराने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ था।
जनवरी के बाद नए पुल को किसी अन्य पुल के टेंडर में जोड़कर निर्माण कार्य 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से शुरू हुआ और जून माह के अंत में यह पुल बनकर तैयार हो गया। हाल ही में पुल को आवागमन के लिए शुरू किया गया था, लेकिन दो दिन की लगातार बारिश में पुल की दोनों साइड धंस गईं और बह गई। इससे एक बार फिर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
READ MORE: पन्ना में जहरीला शिकार बना गिद्धों का काल: सियार के शव को खाने से 8 दुर्लभ गिद्धों की मौत की आशंका, वन विभाग में मचा हड़कंप
स्थिति यह है कि एप्रोच रोड पर पानी भरा होने के बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि पुल की साइड में पर्याप्त पत्थर और गिट्टी की बजाय केवल मिट्टी का भराव किया गया, जिसके कारण पहली ही बारिश में निर्माण धंस गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ। अब पहली ही बारिश में पुल की हालत देखकर निर्माण की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


