सुनील संभ्रवाल,रतिया। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना की ओर से आयोजित अंडर-16 समर कप क्रिकेट टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी है। सन शाइन स्कूल के मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार रोचक होती जा रही है।
टूर्नामेंट का शुभारंभ सन शाइन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक प्रेम सिंह नैन और एवरेस्ट स्पोर्ट्स क्लब के संचालक अरुण खोड ने किया। कोच हरप्रीत कंबोज ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो चरणों में विभाजित किया गया है।
हरियाणा से लेकर दिल्ली, आगरा और लखनऊ तक की टीमें शामिल
प्रतियोगिता में हिसार, फतेहाबाद, झज्जर और सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना की टीमों के अलावा दिल्ली, आगरा, लखनऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही हैं। यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच बनकर उभरा है।
पहले चरण के मुकाबलों में झज्जर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। भुना के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अक्षत वर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 88 रन की शानदार पारी खेली। वहीं वंश ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भुना ने दिल्ली को एकतरफा मुकाबले में हराया
एक अन्य मुकाबले में सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना ने दिल्ली की टीम को शानदार अंदाज में शिकस्त दी। इस मैच में कुशल सुखलेजा ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा, जबकि वेदाश हरमन ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की।
हिसार की टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम की ओर से विकास और ऋषभ ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर जीत में अहम योगदान दिया।
दूसरे चरण में भी होंगे रोमांचक मुकाबले
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के दूसरे चरण में भी कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफियां निर्धारित की गई हैं, जिससे खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना से सजा यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

