संजीव घनगस,सोनीपत। सोनीपत नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 28 मई को दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित किया जाएगा।समारोह में नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
समारोह स्थल का निरीक्षण करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा और मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वीआईपी और सामान्य पार्किंग,टैंट और एयर कंडीशनिंग,पेयजल व्यवस्था,बैठने की व्यवस्था,माइक और साउंड सिस्टम,साफ-सफाई,ट्रैफिक मैनेजमेंट,दिशा-सूचक बोर्ड जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा और ट्रैफिक पर रहेगा खास फोकस
एडीसी अजय चोपड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और प्रोटोकॉल की सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार पूरी की जाएं।
“शहर विकास को मिलेगी नई दिशा”
मेयर राजीव जैन ने कहा कि यह शपथ ग्रहण समारोह नगर निगम के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने कहा कि नई टीम शहर के विकास, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह का सोनीपत आगमन जिले के लिए गौरव की बात है और समारोह को भव्य बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।

