अजय सैनी, भिवानी। भिवानी में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की समस्या गंभीर होती नजर आ रही है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण जलाशयों और जलघर के टैंकों में पानी का स्तर तेजी से नीचे जा रहा है।


स्थिति यह है कि कई जल टैंकों में पानी निचले स्तर के करीब पहुंच चुका है, जिससे आने वाले दिनों में शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार हालात ऐसे रहे तो पानी की सप्लाई दो से तीन दिन के अंतराल पर केवल कुछ ही मिनटों के लिए करनी पड़ सकती है।
पिछले कुछ समय से शहर के कई इलाकों में पानी की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम जैसी स्थितियाँ भी देखी गई हैं। अब गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती जा रही है।


10 मई के बाद मिल सकता है नहर का पानी
तकनीकी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं, क्योंकि कम जल स्तर के कारण कच्चे पानी की मोटर पर्याप्त पानी नहीं उठा पा रही है। इससे जल आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है और टैंकों को भरने में भी अधिक समय लग रहा है।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नहर का पानी 10 मई के बाद मिलने की संभावना है, तब तक स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रहेगी।

प्रशासन ने आमजनों से की अपील

इस बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करें और अनावश्यक कार्यों जैसे वाहन धोने, सड़क पर पानी डालने और बगीचों में सिंचाई से बचें। साथ ही, जरूरत भर पानी लेने के बाद तुरंत नल बंद करने की भी सलाह दी गई है ताकि सभी क्षेत्रों तक आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
अगर समय रहते पानी की बचत और प्रबंधन नहीं किया गया तो भिवानी में आने वाले दिनों में गंभीर जल संकट खड़ा हो सकता है।