हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को काले झंडे दिखाने के बाद से लापता कांग्रेस के दो जिलाध्यक्ष वर्धन राव और पंकज डावर सोमवार देर रात अचानक गुरुग्राम पहुंचे। दोनों डीसीपी वेस्ट करन गोयल के कार्यालय पहुंचे और वहां पेश हुए। इसके बाद उन्हें जमानत दे दी गई।
इससे पहले दोनों नेताओं के लापता होने के मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिनभर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान समेत कई नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंचे।

कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने ऐसा कौन सा अपराध किया था, जिसके लिए उनके साथ इस तरह की कार्रवाई की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनके साथ मारपीट की। पार्टी ने दर्ज FIR रद्द करने और कथित मारपीट के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
मांग नहीं मानी तो प्रदेशभर में प्रदर्शन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो पार्टी पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। इसी बयान के करीब पांच घंटे बाद वर्धन राव और पंकज डावर डीसीपी वेस्ट के कार्यालय पहुंच गए।
दोनों नेताओं के साथ पांच वकील भी मौजूद थे। पुलिस कार्यालय में पेश होने के बाद दोनों को जमानत दे दी गई।
गुरुग्राम पुलिस की ओर से अभी तक मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस की ओर से FIR और दोनों नेताओं की गिरफ्तारी या हिरासत से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


