Pachpadra Refinery Opening: राजस्थान के बालोतरा में बनी पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले रिफाइनरी परिसर में आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद से लगातार नई तारीख को लेकर चर्चा चल रही थी।

अब ताजा जानकारी के मुताबिक, पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन की नई तारीख तय कर दी गई है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के दौरे पर आ सकते हैं और इसी दौरान रिफाइनरी का उद्घाटन किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास की भी संभावना जताई जा रही है।

इसको लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार (24 जून) को सीएम आवास पर उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिफाइनरी उद्घाटन, विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास और सरकारी नौकरियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ-साथ जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी रख सकते हैं। यह परियोजना करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी।

जयपुर मेट्रो का दूसरा चरण प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक विकसित किया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 43 किलोमीटर होगी। यह मेट्रो लाइन टोंक रोड से लेकर सीकर रोड तक शहर के बड़े हिस्से को जोड़ेगी। इसके लिए वर्क ऑर्डर पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

रोजगार और समझौते पर भी फोकस

बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के इस दौरे में करीब 45 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र भी दिए जा सकते हैं। इसके अलावा यमुना जल समझौते को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच MOA पर हस्ताक्षर होने की भी चर्चा है।

कुल मिलाकर, 4 जुलाई का यह संभावित दौरा राजस्थान के लिए कई बड़ी परियोजनाओं और घोषणाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

पढ़ें ये खबरें