शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश और वीआईपी इलाके से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय बिश्नोई के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर चोरों ने वहां लगे कीमती नल और टोंटियां पार कर दी थीं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हबीबगंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है।

चार इमली स्थित वीआईपी बंगले को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले क्षेत्र चार इमली की है। चोरों ने पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले को सूना पाकर उसका ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हुए। आरोपी ने बंगले के अंदर से एक-एक कर करीब 16 नल और पीतल/क्रोमियम की टोंटियां चोरी कर लीं। जब इस बात की जानकारी मिली, तो पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया कि वीआईपी सुरक्षा क्षेत्र में इतनी बेखौफ तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए हबीबगंज थाना पुलिस ने तत्काल टीम का गठन किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस के तकनीकी प्रयासों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध चोर संतोष अहिरवार को दबोच लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये मूल्य का माल (नल और टोंटियां) भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि इस चोरी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या उसने अकेले ही इस वारदात को अंजाम दिया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m