संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वीवीआईपी और प्रशासनिक हलकों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंत्रालय के ठीक सामने बने हाई-सिक्योरिटी जोन ‘सतपुड़ा भवन’ के भीतर चोरों ने बड़ी सेंधमारी करते हुए नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के दफ्तर को निशाना बनाया। चोर यहां लगे एयर कंडीशनर (AC) के कॉपर वायर काटकर ले उड़े, जिसकी भनक तक सुरक्षाकर्मियों को नहीं लगी। खास बात यह है कि इस वारदात की शिकायत घटना के 28 दिन बाद थाने पहुंची है।

लंबी छुट्टियों का उठाया फायदा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात 12 से 14 सितंबर के बीच आए सार्वजनिक अवकाश (अवकाश के दिनों) के दौरान अंजाम दी गई। चोरों ने सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एनआईसी (NIC) के दफ्तर और गलियारे में लगे एसी को निशाना बनाया। आरोपियों ने लगभग 20 एसी के कॉपर वायर काटकर निकाले और आसानी से फरार हो गए। दफ्तर खुलने के बाद जब चोरी का यह मामला सामने आया, तो प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

राज्य के सबसे संवेदनशील प्रशासनिक परिसरों में शुमार सतपुड़ा भवन में इस तरह की चोरी होना और गलियारों में सीसीटीवी कैमरों का न होना या काम न करना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। घटना के इतने दिनों बाद शिकायत मिलने से भी विभागीय लापरवाही उजागर हो रही है।

रिपोर्ट दर्ज में देरी के कारणों की भी जांच

इस पूरे मामले पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया गया है। सतपुड़ा भवन और उसके आसपास के रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। एडिशनल कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि घटना के 28 दिन बाद शिकायत मिलने और एफआईआर दर्ज होने में हुई देरी के कारणों की भी जांच की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m