मध्य प्रदेश में चोरी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सीहोर में रिटायर्ड इंजीनियर के बंद मकान से लाखों की चोरी हो गई। वहीं धार में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कर्नाटक के ATM कटर चोर गिरोह के 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सीहोर में रिटायर्ड इंजीनियर के बंद मकान से लाखों की चोरी, नडियाद गए थे पारिवारिक कार्यक्रम में

अनिल मालवीय, इछावर।शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पंडित दीनदयाल कॉलोनी में बेखौफ अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी घनश्याम गुप्ता निवासी एमआईजी 83, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने कोतवाली पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है।

​जानकारी के अनुसार फरियादी हाउसिंग बोर्ड में इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हैं। वे 29 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे प्रियंक गुप्ता के साथ पूरे परिवार सहित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुजरात के नडियाद गए हुए थे।  जब वे वापस लौटे, तो देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।

​अंदर जाकर देखने पर अलमारियों का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा पड़ा मिला। चोरी गए सामान में दो नग सोने के सिक्के, सोने की चैन (पेन्डेन्ट सहित), दो नग सोने की अंगूठी, चांदी की पायजब (5 जोड़), बिछिया (7 जोड़), बच्चों के कड़े (4) और कुछ नगदी राशि शामिल है। अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर घर में घुसे और जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए। फरियादी की शिकायत पर आज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताते है कि इंटरलॉक तोड़कर अंदर दाखिल हुआ, सीसीटीवी का तार काटा, अपने मोबाइल पर जब गुप्ता ने घर के मोबाइल बन्द देखे तो एक परिचित को रात को ही देखने भेजा, लेकिन बाहर गेट का ताला सही सलामत होने के कारण वो वापस लौट गया जबकि उस वक्त चोर घर के अंदर ही था।

कर्नाटक के ATM कटर चोर गिरोह धार में पकड़ाए

रेणु अग्रवाल, धार। एमपी के धार में बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात करीब 1:30 बजे कानवन पुलिस को धार रोड से रतलाम फोरलेन की ओर तेज गति से जाती संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा कर रोकने की कोशिश की लेकिन चालक वाहन लेकर तेज गति से भागता रहा।

पुलिस टीम ने करीब 16 किमी तक पीछा कर टोल प्लाजा पर घेराबंदी करवाई। पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन सवार 05 व्यक्ति छोकला टोल के पास वाहन छोड़कर सोयाबीन के खेतों में भाग गए। पुलिस ने पीछा कर 01 आरोपी को मौके से पकड़ा तथा ड्रोन और ग्रामीणों की मदद से सर्चिंग के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। 3 फरार आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी एवं सर्चिंग जारी है।

 पुलिस ने हरियाणा निवासी साहिल उर्फ दातु खान और उत्तर प्रदेश के कमरियाब को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी पारुल बेलापुर ने बताया कि आरोपियों के पास से ब्लैक स्कॉर्पियो और 3.60 लाख कैश जब्त किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कर्नाटक के विजयपुर में ATM काटकर रुपये चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था। जिसके बाद उनके खिलाफ विजयपुरा के थाना कुडगी में अपराध दर्ज हुआ था। धार पुलिस ने कर्नाटक पुलिस को सूचना दे दी है। आगामी कार्रवाई कर्नाटक पुलिस करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m