शिक्षक दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने Gen Z छात्रों को संबोधित किया और SRCC को देश के ऐतिहासिक संस्थानों में से एक बताया। खास बात यह रही कि पीएम मोदी कॉलेज तक दिल्ली मेट्रो से सफर कर पहुंचे।
SRCC की 100 साल की यात्रा को बताया ऐतिहासिक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि SRCC का शताब्दी समारोह बेहद ऐतिहासिक अवसर है। संस्थान की कई पीढ़ियों के लोग एक साथ यहां जुटे हैं। उन्होंने कहा कि 100 साल पूरे करने वाला कोई भी संस्थान केवल एक इमारत नहीं, बल्कि अनुभव और उपलब्धियों का विशाल भंडार होता है। SRCC ने कई पीढ़ियों को आकार दिया और उन्हें बेहतर भविष्य से जोड़ा है।
पीएम मोदी ने दिवंगत बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जेटली इसी कॉलेज के छात्र थे और शायद ही उनकी कोई ऐसी बैठक हुई हो, जिसमें उन्होंने SRCC का जिक्र न किया हो।
‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर PM मोदी का बड़ा बयान
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने एक बार फिर ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज से निकलने के बाद छात्रों के सामने एक नई दुनिया होगी, जहां उन्हें अपनी सामाजिक ताकत को देश की ताकत में बदलना होगा।
उन्होंने कहा कि ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल उन्होंने ऐसे लोगों के लिए किया था, जो हर मुद्दे पर नकारात्मकता फैलाते हैं। पीएम ने इसे समझाने के लिए ‘होम्योपैथिक डोज’ का उदाहरण भी दिया और दावा किया कि उनकी टिप्पणी के बाद कई लोग खुद सामने आ गए। पीएम ने कहा, मेरे यहां आने से पहले 2013 के मेरे दौरे की चर्चा काफी हुई है और मेरे संबोधन की सुना गया है। संभव है इस नई पीढ़ी के लोगों ने भी उसको Revisit किया होगा। उस स्पीच की वेव बन गई थी और आज भी 13-14 साल बाद भी उस सभा का उस संबोधन का प्रभाव बरकरार है। पीएम मोदी ने कहा कि एक गैंग है जो मेरे भाषण को टुकड़े-टुकड़े करके फैला देगी।
2013 की SRCC यात्रा और बदला भारत
पीएम मोदी ने 2013 की अपनी SRCC यात्रा को भी याद किया। उन्होंने उस दौर की खबरों का जिक्र करते हुए कहा कि तब महंगाई, करंट अकाउंट डेफिसिट, आर्थिक वृद्धि और सीमा पर सुरक्षा जैसे मुद्दे सुर्खियों में रहते थे।
उन्होंने कहा कि आज भारत की तस्वीर बदल चुकी है। जम्मू-कश्मीर से नॉर्थ ईस्ट तक शांति और माओवाद में कमी का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि दुनिया अब भारत की ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ नहीं, बल्कि ‘पॉलिटिक्स डायनामिज्म’ की चर्चा करती है। 13 साल बाद SRCC पहुंचे प्रधानमंत्री का मेट्रो से कॉलेज पहुंचना भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस दौरान उन्होंने मेट्रो में बच्चों, युवाओं और उनके परिजनों से बातचीत की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



