“Alone we can do so little; together we can do so much”… इंसान चाहे कितना भी प्रतिभाशाली हो मगर एक अकेले व्यक्ति की सामर्थ्य सीमित होती हैं। लेकिन व्यक्ति किसी के साथ मिलकर काम करता है तो उसकी क्षमता जादुई रूप से कई गुना बढ़ जाती है।“Alone we can do so little; together we can do so much” विषय से प्रासंगिक यह वाक्य जीवन का एक गहरा सत्य है। ऐसे बहुत से उदाहरण मिलते हैं जहाँ टीमवर्क से असंभव, संभव हुआ है । चाहे वह खेल का मैदान हो, कोई बड़ा प्रोजेक्ट हो या समाज की भलाई के लिए किया गया कोई लोक प्रयास, सफलता हमेशा सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। एकाकी उठाया गया एक बड़ा कदम, समूह के द्वारा उठाए गए एक छोटे कदम से भी छोटा होता है।
एकता शक्तिशाली होने के साथ प्रेरणा, समर्थन और नई ऊर्जा का स्रोत भी होता है। मिलकर किया गया काम सहयोगियों की कमजोरियों को भी ताकत में बदल देता है। बड़ी-बड़ी उपलब्धियाँ हमेशा टीमवर्क का परिणाम होती है, इससे सभी की क्षमताओं का सर्वोत्तम उपयोग किया जा सकता है। सार्वभौमिक एकता, आपसी सहयोग और सद्भाव का संदेश देने वाला प्राचीनतम ग्रंथ ऋग्वेद से उद्धृत प्रसिद्ध श्लोक
संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्। देवा भागं यथा पूर्वे सञ्जानाना उपासते॥
मानव जाति को आपसी एकता, संवाद और सहयोग की प्रेरणा देने वाला है। जिसमें संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम् का अर्थ है सब मिलकर चलो, सब एक साथ बोलो और सब अपने मन को जोड़ो और देवा भागं यथा पूर्वे सञ्जानाना उपासते का अर्थ है जैसे प्राचीन काल में देवता आपसी सहमति और सामंजस्य से अपने-अपने यज्ञ भाग को स्वीकार करते थे।उसी प्रकार तुम सब भी मिल-जुलकर अपने कर्तव्यों का पालन करो।
जीवन में आगे बढ़ने के लिए सहयोग की भावना बहुत ज़रूरी है। दूसरों के साथ मिलकर किसी काम को सम्पन्न करना और सबकी राय का सम्मान करते हुए एक साझा लक्ष्य को हासिल करना भी एक कला है। याद रखिए अकेला सफ़र थकाने वाला होता है और साथ मिल कर आसानी से दूर तक पहुँचा जा सकता है। सच्ची सफलता वही है जो मिलकर हासिल की जाए क्योंकि साथ मिलकर हम न केवल अधिक कर सकते हैं बल्कि बेहतर भी कर सकते हैं।
संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ / लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

