अजयारविंद नामदेव, शहडोल। बदलते दौर में जहां रिश्तों और सामाजिक संवेदनाओं के कमजोर पड़ने की बातें अक्सर सुनने को मिलती हैं, वहीं शहडोल में मानवता को जीवंत करने वाली एक भावुक तस्वीर सामने आई है। जहां 12 दिन के एक नवजात शिशु की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार के लिए कोई आगे नहीं आया, वहीं नंदी गौ सेवा धाम के समाजसेवियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नवजात का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। इस मानवीय पहल ने न केवल एक मासूम को अंतिम विदाई दी, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सेवा और संवेदना ही सच्ची मानवता की पहचान है। नंदी गौ सेवा धाम के इस कार्य की क्षेत्रभर में जमकर सराहना हो रही है।

READ MORE: बारात आने से पहले पहुंची पुलिस: सिंगरौली में बाल विवाह पर लगा ब्रेक, बर्बाद होने से बच गई 16 साल की नाबालिग की जिंदगी 

सीधी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी ने एक नवजात को जन्म दिया था। जन्म के बाद अचानक नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत शहडोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद, महज 12 दिन के इस मासूम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बिन ब्याही मां और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते इस लाचार नवजात का अंतिम संस्कार करने वाला कोई नहीं था। 

​जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना नंदी गौ सेवा धाम को मिली, संस्था के सदस्य तुरंत सक्रिय हो गए, पुलिस प्रशासन के सहयोग से सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा किया गया और नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। समस्त औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद, समाज सेवी शेखर दंड जी स्वयं शव वाहन से मासूम के पार्थिव शरीर को आकाशवाणी रेडियो स्टेशन के सामने स्थित श्मशान भूमि लेकर पहुंचे,​श्मशान घाट पर नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों द्वारा अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था की गई और पूरी गरिमा व सम्मान के साथ नवजात के शव को दफनाया गया। इस पुनीत कार्य में नंदी गौ सेवा धाम की टीम के सदस्य विनय कुंडे एवं उनके अन्य साथियों का विशेष और महत्वपूर्ण योगदान रहा, उनकी इस सेवा भावना और संवेदनशीलता को देखकर स्थानीय प्रशासन और आम जनता उनकी जमकर सराहना कर रही है।

READ MORE: ग्वालियर में लोकायुक्त का एक्शन: 5 हजार की रिश्वत लेते महिला पटवारी गिरफ्तार, टीम ने मकान के कमरे में ऐसे बिछाया था जाल

​गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब संस्था ने ऐसा कदम उठाया है। नंदी गौ सेवा धाम अक्सर ऐसे लावारिस शवों या हादसों का शिकार हुए लोगों का अंतिम संस्कार करती आ रही है, जिनका इस दुनिया में कोई सहारा नहीं होता। संस्था का यह प्रयास समाज को यह संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे जो भी हों, इंसानियत कभी नहीं मरनी चाहिए। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m