कर्नाटक की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने आखिरकार स्थिति साफ कर दी है। दिल्ली में हुई अहम बैठक के बाद पार्टी महासचिव और राज्यसभा सांसद K. C. Venugopal ने स्पष्ट कहा कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई और इस तरह की सभी अटकलें पूरी तरह निराधार हैं।
दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi, कर्नाटक के मुख्यमंत्री Siddaramaiah, उपमुख्यमंत्री D. K. Shivakumar और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में हुई बैठक में मुख्य रूप से राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। वेणुगोपाल ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे और इसमें कर्नाटक के साथ कई अन्य राज्यों की सीटों को भी शामिल किया जाएगा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि “आज की चर्चा सिर्फ राज्यसभा और एमएलसी चुनावों पर केंद्रित रही। मुख्यमंत्री बदलने या किसी अन्य राजनीतिक बदलाव को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। जो बातें बाहर चल रही हैं, वे केवल अटकलें हैं।”
हालांकि सूत्रों के मुताबिक, बैठक से पहले डीके शिवकुमार और पार्टी नेतृत्व के बीच अलग से वन-टू-वन बातचीत भी हुई। बताया जा रहा है कि शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी बात रखी, लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इसके बाद सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ सामूहिक बैठक आयोजित की गई।
सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार ने अपने भाई और पूर्व सांसद D. K. Suresh के लिए राज्यसभा सीट की मांग भी रखी। बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, एमएलसी चुनावों की रणनीति और सीटों के समीकरण पर भी मंथन हुआ। कांग्रेस को चार एमएलसी सीटों पर बढ़त दिखाई दे रही है, जबकि पांचवीं सीट को लेकर पार्टी अभी रणनीतिक गणित में जुटी हुई है।
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने नेताओं को जनता से किए गए वादों को पूरी गंभीरता से लागू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सरकार को मिलकर काम करना होगा और जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उनकी राजनीति जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है।
दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस में सत्ता संतुलन को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। 2023 विधानसभा चुनाव के बाद से ही यह चर्चा तेज रही कि डीके शिवकुमार को भविष्य में मुख्यमंत्री पद देने का आश्वासन मिला था। हालांकि पार्टी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

