Business Desk – 1 जून 2026 से देशभर में कई बड़े वित्तीय और दैनिक जीवन से जुड़े नियम बदलने जा रहे हैं. इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस सिलेंडर, रेलवे यात्रा और निवेश योजनाओं पर पड़ेगा. UPI पेमेंट सुरक्षा से लेकर PAN कार्ड नियम, ATM चार्ज, LPG कीमतें और FD ब्याज दरों तक कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं.

UPI पेमेंट में बड़ा बदलाव, फर्जी नाम से ठगी रोकने की तैयारी

नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) UPI फ्रॉड रोकने के लिए नया सिस्टम लागू कर रहा है. अब किसी को पैसा भेजते समय केवल वही नाम दिखाई देगा जो बैंक खाते में आधिकारिक रूप से दर्ज होगा. QR कोड, मोबाइल नंबर या कस्टम नाम के जरिए होने वाली कई तरह की धोखाधड़ी पर इससे रोक लगने की उम्मीद है.

LPG सिलेंडर और CNG-PNG की कीमतों में बदलाव संभव

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG, CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा करती हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन लागत में उतार-चढ़ाव के बीच 1 जून को गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी होंगी. कमर्शियल सिलेंडर पहले ही महंगे हो चुके हैं, ऐसे में घरेलू उपभोक्ताओं की नजर भी नए रेट पर रहेगी.

PAN कार्ड नियमों में राहत भी, सख्ती भी

आयकर विभाग ने PAN कार्ड से जुड़े कई नियमों में बदलाव किया है. अब बैंक में एक दिन में 50 हजार रुपए से ज्यादा नकद जमा करने के लिए PAN देना जरूरी नहीं होगा. हालांकि बड़े वित्तीय लेनदेन पर निगरानी बढ़ाई गई है.

  • 20 लाख रुपए से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील में PAN जरूरी
  • गिफ्ट डीड और जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट में PAN अनिवार्य
  • बड़े कैश ट्रांजैक्शन पर रिपोर्टिंग जारी रहेगी
  • पुराने Form 60 की जगह नया Form 97 लागू किया जाएगा

ATM से कैश निकालना पड़ सकता है महंगा

कई बैंक जून से ATM ट्रांजैक्शन नियमों में बदलाव कर सकते हैं. फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकासी, बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट जैसी सेवाओं पर अतिरिक्त शुल्क बढ़ सकता है. कुछ बैंकों ने नकद निकासी की सीमा में भी बदलाव किए हैं.

रेलवे का बड़ा ब्लॉक, 77 ट्रेनें प्रभावित

भारतीय रेलवे जून में ट्रैक अपग्रेडेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के चलते बड़ा ब्लॉक लेने जा रहा है. इसके कारण करीब 77 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव होगा. महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत कई राज्यों पर इसका असर पड़ सकता है. यात्रा से पहले ट्रेन स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है.

सोलर पैनल खरीदने वालों के लिए नए नियम

1 जून से सरकार ALMM (Approved List of Models and Manufacturers) नियमों को सख्ती से लागू करेगी. सरकारी सब्सिडी और सौर योजनाओं में अब केवल अप्रूव्ड सोलर मॉड्यूल और सेल का उपयोग किया जा सकेगा. इससे गुणवत्ता बढ़ेगी, लेकिन शुरुआती स्तर पर सोलर सिस्टम महंगे हो सकते हैं.

FD और EMI पर भी नजर

3 से 5 जून के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक होगी. इसके बाद बैंकों की FD ब्याज दरों और लोन EMI पर असर पड़ सकता है. अगर रेपो रेट में बदलाव होता है तो होम लोन, कार लोन और अन्य कर्ज की किस्तें महंगी या सस्ती हो सकती हैं.

LPG-PNG कनेक्शन को लेकर भी नई व्यवस्था

सरकार LPG और PNG उपयोग को लेकर भी नए नियम लागू कर रही है. जिन इलाकों में PNG सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को LPG कनेक्शन सरेंडर करने या PNG अपनाने के विकल्प दिए जा रहे हैं. कुछ मामलों में LPG कनेक्शन समाप्त करने और दोबारा बहाल करने की नई व्यवस्था भी लागू की जा रही है.

आम लोगों पर क्या होगा असर?

1 जून से लागू होने वाले ये बदलाव सीधे तौर पर बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस खर्च, यात्रा, निवेश और रोजमर्रा के वित्तीय कामों को प्रभावित करेंगे. विशेषज्ञों का मानना है कि नए नियमों का उद्देश्य फ्रॉड रोकना, सिस्टम को पारदर्शी बनाना और वित्तीय निगरानी को मजबूत करना है. हालांकि कुछ बदलाव लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ भी डाल सकते हैं.