कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को गोवा में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे, उस समय अमित शाह काफी छोटे थे, लेकिन आज बीजेपी के नेता कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।

‘जब मैं पहली बार MLA बना था, अमित शाह बच्चे थे’

खड़गे ने कहा, “जब मैं पहली बार MLA बना था, तब अमित शाह बच्चे थे और आज हमें देशभक्ति सिखा रहे हैं।” उन्होंने बीजेपी पर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को देशभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर देश में नफरत और विभाजन की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को एकता और भाईचारे की बात करनी चाहिए, न कि समाज को बांटने वाली राजनीति।

X पर भी साधा बीजेपी पर निशाना

खड़गे ने अपने बयान को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि बीजेपी और उसके पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई नहीं लड़ी, इसलिए कांग्रेस के लोगों को देशभक्ति का पाठ न पढ़ाया जाए।

उन्होंने बीजेपी पर सरकार बनाने के लिए दूसरी पार्टियों के विधायकों को तोड़ने और खरीदने का आरोप लगाते हुए उसे ‘चोरों की सरकार’ तक करार दिया। खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

वंदे मातरम् को लेकर फिर सियासी विवाद

गोवा के इसी कार्यक्रम में वंदे मातरम् को लेकर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के शुरुआती दो अंतरे ही गाए गए। मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाए जाने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् को लेकर पहले ही राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m