F-35 Fighter Jet: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अमेरिका के पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमान F-35 को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी भारतीय प्रतिनिधियों को विमान के पास तक नहीं जाने देते, जबकि भारत को इसे बेचने की बात की जा रही है। उनकी यह टिप्पणी जोधपुर में आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति-2026’ के समापन समारोह के दौरान सामने आई।

F-35 Fighter Jet पर अमेरिका को दोटूक जवाब

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमेरिकी प्रशांत वायुसेना के कमांडर जनरल केविन श्नाइडर भी मौजूद थे। इसी दौरान जब एपी सिंह से पूछा गया कि क्या अमेरिका ने भारत को F-35 लड़ाकू विमान बेचने का आधिकारिक प्रस्ताव दिया है, तो उन्होंने कहा, “आपके लोग हमें विमान के पास भी नहीं जाने देते और आप इसे हमें बेचने की बात कर रहे हैं।”

वायुसेना प्रमुख की इस टिप्पणी ने भारत को F-35 की संभावित बिक्री को लेकर चल रही चर्चाओं पर ध्यान खींचा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका की ओर से इस विमान की खरीद के लिए भारत को अब तक कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं मिला है।

रूस के Su-57 Fighter Jet पर क्या है भारत का रुख?

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूस के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान Su-57 को लेकर भी सवाल उठे। एपी सिंह ने बताया कि रूसी पक्ष की ओर से दिया गया प्रस्ताव भारतीय वायुसेना के संज्ञान में है, लेकिन विमान के मूल्यांकन पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला आने के बाद ही यह आकलन किया जाएगा कि Su-57 भारतीय वायुसेना की परिचालन जरूरतों को किस हद तक पूरा कर सकता है।

स्वदेशी 5th Generation Fighter Jet पर भारत का फोकस

भारत अपनी भविष्य की हवाई युद्ध क्षमता मजबूत करने के लिए स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान के विकास पर भी काम कर रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और घरेलू तकनीक को बढ़ावा देना देश की दीर्घकालिक रणनीति का अहम हिस्सा है।

तरंग शक्ति-2026 में आठ देशों की भागीदारी

जोधपुर में आयोजित ‘तरंग शक्ति-2026’ बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास में आठ देशों की वायुसेनाओं ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य सैन्य सहयोग, परिचालन समन्वय और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना था। इसी दौरान F-35 और Su-57 पर वायुसेना प्रमुख के बयान ने भारत की संभावित लड़ाकू विमान खरीद रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m