रांची। राजधानी रांची में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिसकर्मियों के घर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में चोरों ने हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान को निशाना बनाया। तीन से चार अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

बंद मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर, घर में जमकर मचाई उथल-पुथल

जानकारी के मुताबिक, सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधियों ने घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं।

टूटे पड़े थे ताले, आलमारियों और दीवान को भी खंगाला

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह शशि गुप्ता के एक रिश्तेदार ने घर के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर घर के सभी ताले टूटे मिले। आलमारियां और दीवान भी टूटे पड़े थे, जबकि हर कमरे में सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद रिश्तेदार ने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर घर से 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए हैं। हालांकि, चोरी गए सामान का वास्तविक मूल्य विस्तृत जांच और आकलन के बाद स्पष्ट होगा।

पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

इसके साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपितों तक कब तक पहुंच पाती है।