शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के मुआ वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) की तानसी माइंस में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चोरी की नीयत से खदान परिसर में घुसे चार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सुरक्षा जवानों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले पथराव किया और फिर धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा जवानों को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
READ MORE: भोपाल से लापता अंश मथुरा में बरामद, 4 दिन से था लापता, पुलिस ने रखा था 10 हजार का इनाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईएसएफ कैंप तानसी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतीश मरसकोले अपने साथी आरक्षक तीरथ बघेल के साथ 16 जून की रात तानसी माइंस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:15 बजे खदान क्षेत्र में चार संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए, जिनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकते हुए वापस लौटने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। आरोप है कि उनमें से एक व्यक्ति ने पत्थर उठाकर जवानों पर फेंका, जो आरक्षक तीरथ बघेल के पैर में जा लगा। इसके बाद एक अन्य आरोपी धारदार हथियार लेकर जवानों की ओर बढ़ा। अचानक हुए इस हमले से खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों की आक्रामकता को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने वायरलेस के माध्यम से पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना दी और आत्मरक्षा के लिए शासकीय रायफल से हवाई फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनते ही बदमाश मौके से भाग निकले।
READ MORE: VIP एरिया में बेखौफ चोर: केंद्रीय और राज्य मंत्री के बंगले से चंद कदम दूर चोरी, CCTV तोड़कर उड़ाए 50 हजार
सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंचा और खदान के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। घटना के बाद पुलिस ने प्रधान आरक्षक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और खदान परिसर के सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की जा रही है।

