कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश में लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर ही असंतोष के सुर मुखर होने लगे हैं। जबलपुर की पाटन सीट से वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार के PWD मंत्री राकेश सिंह पर बड़ा हमला बोला है। भोपाल-जबलपुर हाईवे पर क्षतिग्रस्त पुल और उसके चलते पाटन मार्ग पर हो रहे भीषण हादसों को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर अपनी सख्त नाराजगी जाहिर की है।

पाटन डायवर्जन ने आज फिर एक बली ले ली

अजय विश्नोई ने ट्वीट कर लिखा कि जबलपुर-भोपाल मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल को टूटे 6 महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके निर्माण कार्य की शुरुआत अब तक नहीं हो सकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “यह सड़क PWD मंत्री राकेश सिंह की प्राथमिकता में शामिल नहीं है।”उन्होंने आगे लिखा कि पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भोपाल-जबलपुर मार्ग के पूरे हेवी ट्रैफिक को पाटन की ओर डायवर्ट किया गया है। इस डायवर्टेड ट्रैफिक की वजह से पाटन क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और आज फिर एक व्यक्ति की जान चली गई।

वैन और ट्राले की टक्कर में 1 की मौत, 7 घायल

यह विवाद पाटन थाना क्षेत्र के गुरु पिपरिया गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद और गहरा गया। जानकारी के अनुसार-सरिया से भरे एक तेज रफ्तार ट्राले ने सामने से आ रही ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार एक ही परिवार के 7 सदस्यों समेत ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान घायलों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

सीएम से मिले विश्नोई

विधायक अजय विश्नोई ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बजट में पूर्व से शामिल पाटन-जबलपुर एवं पाटन-मानकेड़ी सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द टेंडर व निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आए दिन हो रहे हादसों से निजात मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m