सुशील खरे,रतलाम। गाय के कटे अवशेष मिलने की घटना से पूरे शहर में फैले आक्रोश के बीच पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हिंदू संगठनों द्वारा लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर किया गया चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन 7 दिन के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर सिविक सेंटर क्षेत्र में गाय के कटे अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही शहर में सनसनी फैल गई। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गाय का कटा सिर लेकर लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर प्रदर्शन किया और तपती धूप में सड़क जाम कर दी। चारों ओर का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
पुलिस की कार्रवाई
थाना स्टेशन रोड पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए साठिया समाज के तीन संदिग्धों (महिला व पुरुष) को हिरासत में लिया। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच चल रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदू संगठनों का रुख
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि 7 दिनों के अंदर दोषियों पर बड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे मध्य प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से त्वरित न्याय और गौहत्या जैसे अपराधों पर सख्त रुख अपनाने की मांग की।
प्रशासन का भरोसा
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत रहने की अपील की और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यातायात सामान्य हो गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

