मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के अस्तोन गांव से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक ही गांव के तीन नाबालिग मासूम बच्चों की सिद्ध सागर तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के वक्त कुल चार दोस्त साथ थे, जिनमें से तीन की जिंदगी को पानी की गहराई ने लील लिया, जबकि चौथा दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकला। इस खौफनाक मंजर के बाद पूरे अस्तोन गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: क्योंटी जलप्रपात में बड़ा हादसा, बाइक समेत खाई में गिरे दो युवकों की मौत, मची अफरा-तफरी

‘जामुन खाने जा रहे हैं’ कहकर घर से निकले थे मासूम

मिली जानकारी के अनुसार गांव के चार मासूम बच्चे जिनकी उम्र 10 से 12 वर्ष के बीच है, दोपहर के वक्त अपने परिजनों से जामुन खाने जाने का बोलकर घर से निकले थे। जामुन खाने के बाद चारों दोस्त पास ही स्थित सिद्ध सागर तालाब में नहाने चले गए। बच्चे पानी में खेल ही रहे थे कि अचानक खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

दोस्ती का फर्ज निभाने में चली गई जान…

नहाने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को जिंदगी और मौत के बीच तड़पता देख बाकी के दोस्त सहम गए। उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए दोस्ती का फर्ज निभाने की सोची। डूबते हुए दोस्त को बचाने के लिए बाकी के साथी भी गहरे पानी में उतर गए। लेकिन अफसोस वे उस दोस्त को तो बचा नहीं पाए, बल्कि उसे खींचने के चक्कर में दो और मासूम भी पानी की गहराई में समा गए।

चौथे दोस्त ने भागकर दी खबर लेकिन दूरी बनी काल

इस खौफनाक हादसे के बीच उनका चौथा साथी किसी तरह हिम्मत जुटाकर और खुद को बचाकर तालाब से बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसने बिना वक्त गंवाए दौड़ते हुए गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को इस बात की खबर दी। जैसे ही यह बात फैली गांव में हड़कंप मच गया। लोग बदहवास होकर तालाब की तरफ दौड़े। बदकिस्मती से गांव से तालाब की दूरी बहुत ज्यादा थी। जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तब तक तीनों मासूम दम तोड़ चुके थे।

ये भी पढ़ें: जर्जर छात्रावास में 15 साल से अतिक्रमण, पथराव के बाद दोबारा पहुंची प्रशासनिक टीम, खाली कराया भवन, फिर किया ध्वस्त

गांव वालों ने निकाले शव, पुलिस जांच में जुटी

ग्रामीणों ने भारी मन से पानी में उतरकर तीनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही अस्तोन चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए टीकमगढ़ जिला अस्पताल भेज दिया है। खेल-खेल में उजड़े तीन घरों के चिरागों को देखकर अस्पताल से लेकर गांव तक हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m