इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ग्राम कोठी के पास ओंकारेश्वर बांध की मुख्य नहर में नहाने गए तीन युवक अचानक गहरे पानी में समा गए। वापस नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा डूबने की आशंका जताए जाने के बाद गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मृत युवकों के शवों को नहर से बाहर निकाल लिया है।
ये भी पढ़ें: जामुन खाने निकले थे 4 दोस्त, तलैया में नहाते समय 3 मासूम पानी में डूबे, चौथे ने भागकर दी खबर, लेकिन तब तक…
नहाने गए थे तीनों दोस्त, मौके पर मिले थे सिर्फ कपड़े
मिली जानकारी के मुताबिक भगवानदास, सुनील और अनिकेत नाम के ये तीनों युवक मोरटक्का-ओंकारेश्वर फोरलेन निर्माण कार्य में बतौर मजदूर काम करते थे। तीनों युवक ग्राम कोठी के पास स्थित ओंकारेश्वर बांध की मुख्य नहर में नहाने के लिए गए थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश करने पर नहर के किनारे सिर्फ उनके कपड़े रखे मिले, जिसके बाद उनके पानी में डूबने की आशंका जताई गई।
गोताखोरों ने रेस्क्यू कर निकाले शव
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नहर में सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों द्वारा तीनों मृत युवकों के शवों को सफलतापूर्वक ढूंढकर पानी से बाहर निकाल लिया गया है। शवों को देखते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढ़ें: नकली पुलिस की ‘डिजिटल डकैती’: बाप-बेटे को किडनैप कर क्रिप्टोकरेंसी पर किया हाथ साफ, इनसाइड स्टोरी उड़ा देगी होश…
मांधाता थाना पुलिस जांच में जुटी
नहर से शवों को निकाले जाने के बाद इस पूरे मामले की कमान स्थानीय पुलिस ने संभाल ली है। मांधाता थाना पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक साथ काम करने वाले तीन युवा मजदूरों की इस तरह अचानक हुई मौत से इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।

