Bihar News: चर्चित रिशु श्री भ्रष्टाचार और कथित टेंडर घोटाला मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आज बुधवार (10 जून) को बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने मामले में नामजद 3 अधिकारियों उमेश कुमार सिंह, तारिणी दास और IAS अधिकारी मुमुक्षु चौधरी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

एसवीयू कांड संख्या 05/25 मामले में यह कार्रवाई की गई है। हालांकि मामले का एक और मुख्य आरोपी आईएएस अधिकारी संजीव हंस का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है । सूत्रों के अनुसार, वे फिलहाल राज्य से बाहर हैं। एसवीयू उनकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

SVU के पास मौजूद है सबूत!

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार हुए सभी अधकारियों के खिलाफ SVU के पास सबूत मौजूद है, जिसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार सभी अधिकारियों पर रिशु श्री समूह से जुड़े ठेकेदारों से कथित रूप से रिश्वत लेने और बिल भुगतान में अनियमितता करने का गंभीर आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी है, जिसके बाद एजेंसी इनके रिमांड की मांग कर सकती है।

IAS संजीव हंस केस में आया था रिशु श्री का नाम

बता दें कि रिशु श्री का नाम पहली बार आईएएस संजीव हंस पर चल रहे मुकदमों और ईडी की कार्रवाई में सामने आया था। रिशु श्री पीएचईडी, शिक्षा विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, भवन निर्माण, ग्रामीण कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग में ठेकेदरी करता था।

रिशु श्री पर आरोप है कि वह ठेका लेने के एवज में विभाग के अधिकारियों को मोटा कमीशन देता था। वह अपने कई लोगों के नाम पर कंपनियां बनाकर सरकारी विभागों में टेंडर मैनेज करने का काम करता था। इस मामले में पुख्ता सबूत मिलने के बाद ईडी ने जून में रिशु श्री के कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। उस समय भी रिशु श्री की अधिकारियों के साथ सांठ-गांठ के सबूत मिले थे।

कई बार रिशु श्री के ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी

बता दें कि ईडी ने इससे पहले मार्च 2025 में कई ट्रैवल एजेंटों और पटना में कई सरकारी अधिकारियों के आवासीय परिसरों में छापेमारी की थी। उस समय कुल 11.64 करोड़ कैश बरामद किया गया था। अगस्त माह में ठेकेदार रिशु श्री और उसके परिवार के सदस्यों से करीब 68 करोड़ 9 लाख की प्रॉपर्टी जब्त की गई थी। वहीं, 26 नवंबर 2025 को रिशु श्री के 9 ठिकानों पर छापेमारी में 33 लख कैश बरामद किया गया था। फिलहाल जैसे-जैसे जांच एंजेसियां अपनी जांच को आगे बढ़ा रही हैं, वैसे-वैसे रिशु श्री के कारनामे और बड़े-बड़े आईएएस अधिकारियों से उसके सांठ-गांठ के चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार और देश का भविष्य बदल गया’! PM मोदी के 12 साल पूरे होने पर CM सम्राट ने लिखी खास चिट्ठी