मनेंद्र पटेल, दुर्ग। रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और परिवार के साथ खुशियां बांटने का दिन होता है, लेकिन दुर्ग जिले में इस बार राखी का त्योहार दो परिवारों के लिए मातम में बदल गया। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 3 साल के मासूम बच्चे और 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं हादसों में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कार ने बाइक को मारी टक्कर, मासूम की मौत

पहला हादसा नंदिनी थाना क्षेत्र में कुम्हारी-अहिवारा मुख्य मार्ग पर जियो पेट्रोल पंप के पास हुआ। कुम्हारी के रामनगर निवासी करीब 30 वर्षीय कोमल प्रसाद साहू अपने 3 वर्षीय बेटे दिनेश कुमार साहू के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान 3 वर्षीय दिनेश कुमार साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं उसके पिता को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर एम्स रेफर किया गया है। पुलिस मामले में कार चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।

ससुराल से लौटते वक्त हुआ हादसा, युवक की मौत

दूसरा हादसा अंडा थाना क्षेत्र के जंजगिरी रोड पर शैलदेवी महाविद्यालय के आगे हुआ। नेवई भाठा निवासी 25 वर्षीय योगेश यादव अपनी पत्नी संगीता और एक साल के बच्चे के साथ रक्षाबंधन मनाने माहूद स्थित ससुराल गए थे। भाई को राखी बंधवाने के बाद वे पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान जंजगिरी रोड पर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में योगेश यादव को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में उनकी पत्नी और एक साल का बच्चा सुरक्षित हैं।

कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

अंडा पुलिस ने मामले में BNS की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नंदिनी थाना पुलिस कुम्हारी-अहिवारा मार्ग पर हुए हादसे की जांच कर रही है और कार चालक की तलाश की जा रही है।