चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग ने बसों में टिकट भुगतान के लिए अब डिजिटल सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अब यात्री अपनी टिकट का भुगतान यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए कर सकेंगे। इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर प्रदेश के एक जिले से की जाएगी, जिसके सफल रहने पर इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने विभागीय समीक्षा बैठक में बताया कि इस व्यवस्था से जुड़ा तकनीकी कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस डिजिटल प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए ताकि यात्रियों को भुगतान में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एक जिले से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
परिवहन विभाग के अनुसार, इस सुविधा को सबसे पहले ट्रायल के रूप में एक जिले में शुरू किया जाएगा। वहां से प्राप्त फीडबैक और तकनीकी अनुभवों के आधार पर ही इसे अन्य सभी डिपो और बसों में विस्तार दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि पायलट प्रोजेक्ट के जरिए सिस्टम की कमियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा।
नकद की निर्भरता और छुट्टे पैसों की समस्या होगी खत्म
परिवहन मंत्री ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश यात्री नकद भुगतान करते हैं, जिससे अक्सर परिचालक और यात्री के बीच छुट्टे पैसों को लेकर विवाद या देरी की स्थिति बनती है। डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू होने से मोबाइल के माध्यम से तुरंत पेमेंट हो सकेगा और यात्रियों की नकदी पर निर्भरता कम होगी।
राजस्व में आएगी पारदर्शिता
विभाग का मानना है कि इस आधुनिक व्यवस्था से न केवल यात्रियों का सफर सुगम होगा, बल्कि विभाग के राजस्व संग्रहण में भी अधिक पारदर्शिता और दक्षता आएगी। सरकार का लक्ष्य आगामी समय में हरियाणा रोडवेज के पूरे बेड़े को डिजिटल भुगतान प्रणाली से लैस करना है।

