उमेश यादव,सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां जंगल में सुबह की सैर पर निकले एक युवक पर टाइगर ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में भर्ती कराया गया है।

READ MORE: नर्मदापुरम में सटोरियों का ‘महागठबंधन’ ध्वस्त: सब्जी मंडी से बंगाली कॉलोनी तक पुलिस का आधी रात को तांडव, 14 गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, रहली क्षेत्र के ग्राम पटना मुहली निवासी 31 वर्षीय सुदामा यादव सोमवार सुबह करीब 6 बजे गांव से लगे जंगल की ओर घूमने गए थे। यह क्षेत्र वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। इसी दौरान पीछे से आए टाइगर ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला बेहद तेज था। टाइगर के हमले से सुदामा यादव करीब 10 फीट दूर जाकर गिर पड़े। इस दौरान टाइगर ने उनके दाहिने हाथ को दांतों से बुरी तरह जकड़ लिया, जिससे हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं कमर और पीठ पर पंजों के गहरे निशान भी पाए गए हैं।

READ MORE: पेयजल संकट! नलों से निकल रहे मृत कीड़े और बदबूदार पानी, करोड़ों खर्च के बाद भी जनता बेहाल

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी टाइगर को आसपास के क्षेत्र में देखा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि सुदामा यादव के दाहिने बाजू पर टाइगर के दांतों से गहरी चोट आई है, जिसके चलते करीब 10 टांके लगाए जा रहे हैं। पीठ पर पंजों के निशान भी हैं। फिलहाल मरीज का उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m