संदीप शर्मा, विदिशा। पेयजल सप्लाई को लेकर एक बेहद चौंकाने और डराने वाला मामला सामने आया है। शहर के कई इलाकों में लोगों के घरों में नलों के जरिए जो पानी पहुंच रहा है, उसमें मृत कीड़े और भारी गंदगी निकल रही है। इस बदबूदार पानी को देखकर स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों को डर है कि कहीं विदिशा में इंदौर जैसी कोई बड़ी त्रासदी न हो जाए, जहां कुछ समय पहले दूषित पानी पीने से मौंतें हुई थी।
ये भी पढ़ें: इंदौर में गरजे दिग्विजय सिंह: NEET EXAM, राम मंदिर दान और योग दिवस को लेकर भाजपा सरकार पर साधा तीखा निशाना
कीड़ों वाला पानी पीने को मजबूर आमजन
शहरवासियों का आरोप है कि पेयजल व्यवस्था सुधारने के नाम पर प्रशासन करोड़ो रुपये खर्च कर चुका है लेकिन उसके बावजूद विदिशा वासियों को स्वच्छ पानी नसीब नहीं हो रहा है। पिछले कई दिनों से नलों में लगातार गंदा और बदबूदार पानी आ रहा था लेकिन अब पानी के साथ मरे हुए कीड़े आ रहे हैं। इससे जलजनित गंभीर बीमारियों और महामारी फैलाने का खतरा पैदा हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन का घेराव कर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
टंकियों की सफाई शुरू, सैंपल जांच के लिए भेजे
लगातार बढ़ती शिकायतों और हंगामे के बाद नगर पालिका प्रशासन आखिरकार हरकत में आया है। नगर पालिका के सीएमओ दुर्गेश ठाकुर ने बताया कि जिन भी वार्डों और क्षेत्रों से दूषित पानी की शिकायतें मिली हैं, वहां से पानी के सैंपल कलेक्ट कर तुरंत जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। एहतियात के तौर पर दो बड़ी पानी की टंकियों की तत्काल सफाई कराई गई है।
ये भी पढ़ें: शादी के बाद विदाई लेकिन ससुराल से पहले थाने पहुंची नई नवेली दुल्हन, मामला जान रह जाएंगे हैरान
प्रशासन अब इस बात की जांच में जुटा है कि आखिर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से सप्लाई होने वाले पानी में ये मृत कीड़े कहां से और किस तकनीकी खराबी के कारण पहुंच रहे हैं। फिलहाल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पानी की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

