प्रमोद निर्मल, मोहला-मानपुर। जिले का वनांचल क्षेत्र इन दिनों फिर बाघ के खौफ तले आ गया है। एक तरफ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ाई का दौर जारी है, तो वहीं दूसरी तरफ इलाके में बाघ की धमक ने तेंदूपत्ता संग्राहकों और क्षेत्रवासियों को दहशत में डाल रखा है। वन महकमा जंगल में ट्रैप कैमरे लगाकर बाघ की निगरानी में जुटा हुआ है।

तालाब और घटनास्थल में ट्रैप कैमरे की घेराबंदी

दरअसल, 11 -12 मई की दरमियानी रात जिले के मानपुर दक्षिण वन परिक्षेत्र अंतर्गत औंधी इलाके के ग्राम निडेली के करीब ही जंगल में हिंसक वन्य प्राणी द्वारा एक पालतू गाय का शिकार किया गया था। घटना स्थल पर मिले पगमार्क साफ नहीं थे। लिहाजा ये स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि शिकार किस जंगली जानवर ने किया है। वन महकमे ने घटना स्थल में ट्रैप कैमरे लगाए उसमे भी तस्वीर नहीं आ पाई। ऐसे में 14 मई को फिर से क्षेत्रीय वन अमले ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ जंगल का मुआयना किया।

DFO दिनेश पटेल ने की पुष्टी

देर शाम तक चले सर्च अभियान में आखिरकार महाराष्ट्र सीमा के पास एक तालाब के इर्द-गिर्द जंगली जानवर के कई बड़े बड़े पगमार्क मिले, जो पगमार्क मिले वो बाघ के पगमार्क निकले जिससे प्राथमिक तौर पर ये स्पष्ट हो गया है कि गाय का शिकार बाघ ने किया है। जिले के डी एफ ओ दिनेश पटेल ने इसकी पुष्टि भी की है। बहरहाल उक्त तालाब के पास तीन अलग अलग जगहों में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। वहीं गाय का शिकार जहां हुआ है वहां भी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि बाघ की तस्वीर और उसकी शारीरिक जानकारी हासिल हो सके।

सतर्क रहें ग्रामीण- DFO

आशंका जताई जा रही है कि बाघ औंधी क्षेत्र के महाराष्ट्र सीमावर्ती गांवों के इर्द-गिर्द ही विचरण कर रहा है। ऐसे में तेंदूपत्ता संग्राहकों की चिंता भी बढ़ गई है। चूंकि तेंदूपत्ता क्षेत्रवासियों की बड़ी आय का जरिया है। ऐसे में लोग बाघ की आमद के बावजूद खौफ के साये में तेंदूपत्ता तोड़ाई कर रहे हैं। इधर जिले के डी एफ ओ ने लोगो को सतर्कता बरतने की अपील की है तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।

गाय मालिक को दिया जाएगा मुआवजा

DFO ने कहा है कि गाय के शिकार मामले में गाय मालिक को प्रावधान मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा। बीते कुछ साल के दौरान इलाके के जंगल मे वन्य प्राणियों की चलकदमी बढ़ी है। बाघ और तेंदुए की लगातार आमद हुई है। पूर्व में ट्रैप कैमरे में बाघ और तेंदुए की तश्वीर भी कैद हुई है। ऐसे में लगातार लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। वहीं वन अमला भी क्षेत्र मे मुस्तैद है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें