टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना के बाद बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, मामले की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और अहम सुराग मिला है।
AICWA ने जताई बॉलीवुड की सुरक्षा पर चिंता
AICWA ने पत्र में कहा कि बॉलीवुड देश की अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय छवि में अहम योगदान देता है। फिल्म इंडस्ट्री से लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है। गोलीबारी और अंडरवर्ल्ड के डर से शूटिंग, निवेश और फिल्म निर्माण प्रभावित हो सकते हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि ऐसे हमले जारी रहे तो कलाकार मुंबई छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।
इंदौर से 22 वर्षीय इंजीनियर हिरासत में
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच की मदद से 22 वर्षीय इंजीनियर प्रांजल को हिरासत में लिया है। वह हरियाणा के सोनीपत का निवासी बताया जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में की गई।
हथियारों की सप्लाई और साजिश की जांच
जानकारी के मुताबिक, प्रांजल अपने भाई से मिलने करीब पांच दिन पहले इंदौर आया था। जांच एजेंसियां उससे हथियारों की सप्लाई, अन्य आरोपियों से संपर्क और कथित साजिश को लेकर पूछताछ कर रही हैं। पुलिस उसकी भूमिका स्पष्ट करने के लिए आगे की जांच कर रही है। मामले में पूछताछ से मिलने वाले तथ्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

