सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच में हरियाणा के सोनीपत जिले का कनेक्शन लगातार गहराता जा रहा है। मुंबई पुलिस ने मामले में एक और कार्रवाई करते हुए खरखौदा क्षेत्र के गांव रोहणा से अमर नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 12 हो गई है। इनमें से 9 आरोपी सोनीपत जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस की जांच में अब बैंक खातों के जरिए हुए पैसों के लेनदेन की अहम कड़ियां सामने आ रही हैं।

कुणाल ने अमर के खाते में भेजे थे 40 हजार रुपये

जांच के दौरान सामने आया है कि गिरफ्तार अमर का पहले पकड़े गए आरोपी कुणाल के साथ दोस्ती और पड़ोस का संबंध है। पुलिस के मुताबिक, कुणाल ने अमर के बैंक खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बाद कुणाल के कहने पर अमर ने पहले गिरफ्तार हो चुकी राधा के खाते में 12 हजार रुपये भेजे थे। अब मुंबई पुलिस इन बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैसों का यह लेनदेन फायरिंग की साजिश से किस तरह जुड़ा हुआ है।

परिवार ने बताया निर्दोष, फंसाने का लगाया आरोप

अमर की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार ने उसे निर्दोष बताते हुए मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, अमर के माता-पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका कहना है कि अमर का इस फायरिंग मामले से कोई लेना-देना नहीं है। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

स्पलीमेंट की दुकान पर काम करता है अमर

जानकारी के अनुसार, अमर दसवीं कक्षा तक पढ़ा है और एक स्पलीमेंट की दुकान पर काम करता है। पुलिस अब उसके बैंक खाते में आए 40 हजार रुपये और राधा के खाते में भेजे गए 12 हजार रुपये के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रकम किस मकसद से भेजी गई थी और फायरिंग की घटना से इसका क्या संबंध है।

सोनीपत के 9 आरोपियों के नाम आए सामने

इस मामले में अब तक सोनीपत जिले से जुड़े जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनमें रेहान, फूल सिंह, सुमित, कुणाल, जतिन, समीर, अंकित, प्रांजल और अमर शामिल हैं। पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। बैंक खातों के लेनदेन और आरोपियों के आपसी संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े कुछ और नाम भी सामने आ सकते हैं।