विदेश में बैठे अनिल पंडित के निर्देश पर काम करने का शक, राधा के बैग में रखी थी पिस्टल; सोनीपत से कुनाल और सुमित गिरफ्तार
सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में सोनीपत के दो युवकों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच के मुताबिक, सोनीपत के गांव रोहणा निवासी कुनाल ने कथित तौर पर विदेश में सक्रिय अनिल पंडित के निर्देश पर हथियार जुटाने से लेकर उसे मुंबई पहुंचाने तक की व्यवस्था में भूमिका निभाई। इसके लिए राधा और बबीता नाम की दो युवतियों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पिस्टल और 20 कारतूस अमृतसर से लाए गए थे। 18 अक्टूबर को फायरिंग के बाद कथित शूटरों को मुंबई से निकालने की व्यवस्था करने के निर्देश भी कुनाल को दिए गए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 20 अक्टूबर को चारों को पकड़ा, जिसके बाद मुंबई पुलिस की सीआईडी ने अदालत से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया।
एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से संपर्क
जांच के मुताबिक, कुनाल की मुलाकात सोनीपत के हरसाना गांव में रहने वाले एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए बातचीत होने लगी। पुलिस को शक है कि अनिल पंडित विदेश में बैठकर नेटवर्क को निर्देश दे रहा था। उसके कहने पर कुनाल ने कथित तौर पर हथियार जुटाने और उसे मुंबई तक पहुंचाने की योजना में भूमिका निभाई।
अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया कुनाल
पुलिस जांच के अनुसार, अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई थी। जांच में सामने आया कि कुनाल ने उसे अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और बाद में हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार किससे खरीदा गया और इसे आगे किसे सौंपा जाना था।
15 अक्टूबर को युवतियों के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा
जांच के अनुसार, 15 अक्टूबर को कुनाल राधा और बबीता को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। बताया गया है कि पिस्टल राधा के बैग में रखी हुई थी। यात्रा के दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों युवतियों को हथियार ले जाने के लिए किस तरह तैयार किया गया था।
दादर स्टेशन पर उतरीं, होटल में ठहरीं
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया। जांच में इस बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस कथित शूटर तक हथियार पहुंचाने में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
फायरिंग के बाद शूटरों को निकालने के निर्देश
जांच के अनुसार, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। इसके बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुनाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने को कहा। इसी दिन राधा और बबीता दादर से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। पुलिस इस घटनाक्रम को फायरिंग के बाद आरोपियों की आवाजाही और कथित नेटवर्क से जोड़कर जांच रही है।
दिल्ली रेलवे स्टेशन और सोनीपत से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया। कुनाल की उम्र 21 वर्ष और सुमित की 19 वर्ष बताई गई है। उत्तर प्रदेश निवासी राधा और बबीता दोनों 23-23 वर्ष की हैं।
मुंबई पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने अदालत में चारों आरोपियों की औपचारिक गिरफ्तारी और हिरासत में पूछताछ की अनुमति मांगी। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए मुंबई पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया। अब जांच एजेंसियां हथियारों की सप्लाई, कथित शूटरों तक हथियार पहुंचाने और पूरे नेटवर्क में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

