सोनीपत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हरियाणवी नेताओं को पुलिस ने सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ही रोक लिया है। आम आदमी पार्टी के नेता विमल किशोर ने दावा किया है कि वे सब संसद का घेराव करने के लिए जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरदस्ती रोकने और गिरफ्तार करने की कोशिश की। आज विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे किसी भी व्यक्ति को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
दूसरी तरफ पंजाब से बड़ी संख्या में युवा एकत्र होकर लगातार दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। उन्हें हर हाल में हरियाणा पार करने से रोकने के लिए राज्य के हर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हर आने-जाने वाले वाहन की कड़ी जांच कर रही है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।
सोनम वांगचुक को लेकर बढ़ा विवाद
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी की प्रवक्ता विजेता दहिया ने जानकारी दी कि पिछले 21 दिन से आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने शनिवार तड़के जबरन उठा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन उठाकर अस्पताल ले गए। इस पूरी कार्रवाई को उन्होंने लोकतंत्र के लिए एक काला दिन बताया है।
प्रशासन और पुलिस की कड़ी नजर
सोनीपत में हुई इस कार्रवाई के बाद से नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नेताओं का कहना है कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के अधिकार को दबाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि वे किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। फिलहाल दिल्ली और हरियाणा के कई इलाकों में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


