रेणु अग्रवाल, धार। नवरात्रि के पावन पर्व पर धार में गरबा पंडालों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धार पुलिस ने एक बड़ा सुरक्षा अभियान शुरू किया है। पंडालों में किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए खास ‘दुर्गा वाहिनी’ को मैदान में उतारा गया है। वहीं सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी लगातार हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।
धार के गरबा पंडालों में मां की भक्ति के साथ-साथ सुरक्षा का भी कड़ा पहरा नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष ‘दुर्गा वाहिनी’ का गठन किया गया है। दुर्गा वाहिनी की महिला पुलिसकर्मी लगातार पंडालों में गश्त कर रही हैं, ताकि महिलाओं और युवतियों को बिना किसी भय के गरबा खेलने का सुरक्षित माहौल मिल सके।
सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया गया है। भीड़ के बीच मौजूद ये जवान संदिग्ध हरकतों पर पैनी नजर रख रहे हैं। पंडालों में आने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्रों की सघन जांच हो रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे अभियान की कमान वरिष्ठ अधिकारियों के हाथ में है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और विजय डावर सहित आला अधिकारी खुद ग्राउंड पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। धार पुलिस का सीधा संदेश है- त्योहार की उमंग में खलल डालने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। धार पुलिस की इस मुस्तैदी से गरबा आयोजकों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

