नई दिल्ली। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 1300 अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। इस व्यवस्था के बाद इन रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले जवानों की कुल संख्या बढ़कर 2040 हो गई है। ये जवान 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस
त्योहारी सीजन में बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों का आवागमन सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त RPF जवानों की तैनाती की गई है। जवान प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार तथा यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखेंगे।
चार प्रमुख स्टेशनों पर सबसे ज्यादा भीड़
रेलवे अधिकारी के मुताबिक, त्योहारी सीजन के दौरान नई दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशनों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है। बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त आरपीएफ जवानों को अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया जाएगा, ताकि स्टेशनों पर चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उनकी जिम्मेदारी स्टेशन परिसर में सुरक्षा बनाए रखने के साथ यात्रियों की आवाजाही को सुचारू रखना भी होगी।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश करने, बाहर निकलने और अपनी ट्रेन पकड़ने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्लेटफॉर्म और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। यात्रियों को किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को देने के लिए कहा गया है।
रेलवे ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को देने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि दीपावली और छठ के दौरान दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में रेलवे प्रशासन हर साल अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और निगरानी के विशेष इंतजाम करता है, ताकि यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और त्योहारों के दौरान रेल सफर सुगम बना रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

