मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दुर्गा पंडाल लगाने के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। शहर के कटरा बाजार चौराहे पर पंडाल लगाने को लेकर समिति के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले की गर्माहट और हिंदू संगठनों के कड़े विरोध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित उपनिरीक्षक को लाइन अटैच कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद टीकमगढ़ शहर के व्यस्ततम कटरा बाजार चौराहे का है। यहां पिछले 3 वर्षों से स्थानीय समिति द्वारा दुर्गा पंडाल सजाकर माता की प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। बीती देर रात जब समिति के लोग अपना पंडाल सजा रहे थे, तभी कोतवाली में पदस्थ उपनिरीक्षक राजवीर यादव मौके पर पहुंचे और उन्होंने पंडाल हटाने की बात कही। एसआई का कहना था कि यहां पंडाल लगने से आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होगी।
इस पर समिति के लोगों ने उन्हें समझाया कि वे पिछले तीन सालों से लगातार इसी स्थान पर मूर्ति रखते आ रहे हैं और कभी किसी को कोई असुविधा नहीं हुई। यह बात सुनते ही उपनिरीक्षक आगबबूला हो गए और उन्होंने कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कार्यकर्ताओं को औकात में रहने और घर से उठाकर ले जाने तक की धमकी दे डाली। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की समझाइश के बाद पुलिस टीम वहां से वापस लौट गई थी, लेकिन इस घटना का वीडियो बाद में वायरल हो गया।
हिंदू संगठनों का प्रदर्शन और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में रोष फैल गया। आज शाम बजरंग दल और विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर एसपी कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषी उपनिरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को भांपते हुए टीकमगढ़ एसपी ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक राजवीर यादव को लाइन अटैच कर दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

