मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। टीकमगढ़ जिले में एक नवजात बच्ची की सिर्फ इसलिए जिंदगी नहीं बच सकी क्योंकि उसका कसूर केवल इतना था की वह बेटी थी। जन्म के महज 20 दिन बाद ही उसकी अपनी दादी ने बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी। वहीं पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दादी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला पलेरा थाना क्षेत्र के बन्ने बुजुर्ग गांव का है। जहां रहने वाले धनीराम आदिवासी दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी गर्भवती पत्नी पुख्खन आदिवासी गांव में अपनी सास रेखा आदिवासी के साथ रह रही थी। करीब 20 दिन पहले पुख्खन ने एक बेटी को जन्म दिया था। पुलिस के मुताबिक बेटी के जन्म के बाद से ही सास रेखा नाराज रहती थी और बहू को बेटा पैदा न होने को लेकर ताने देती थी।
ये भी पढ़ें: अंधे कत्ल का खुला राज… पति ने तकिए से घोंट दी थी पत्नी की सांसें, वजह चौंकाने वाली
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात करीब 3 बजे जब मां और नवजात बच्ची सो रही थीं, तभी आरोपी दादी चुपके से बच्ची को उठाकर घर के बाहर ले गई और उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह बच्ची के शव को वापस ले जाकर उसकी मां के पास सुला गई। जब मां की आंख खुली और उसने देखा की उसकी बेटी के शरीर मे कोई हलचल नहीं हो रही है तो उसने शोर मचाया। जिसके बाद परिवार के सारे लोग इकट्ठे हो गए।
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को रेप केस में फंसाने की धमकीः महिला ने ऐंठे ₹20 लाख, अब ₹25 लाख और मांगे, FIR
इस दौरान आरोपी दादी रोने बिलखने का नाटक करती रही और झाड़ फूंक भी कराती रही। इसी बीच ग्रामीणों ने घटना की सूचना पलेरा पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पलेरा थाना प्रभारी प्रीति भार्गव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान नवजात के गले पर दबाव के निशान मिले, जिसके बाद कड़ाई से बेटी की मां और दादी से पूछताछ की। तब जाकर सारी हकीकत सामने आई। इसके बाद पलेरा पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी दादी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी रेखा आदिवासी को जेल भेज दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


