मुकेश सेन, टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में चलती ट्रेन पर पथराव की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इंदौर से प्रयागराज जा रही डॉ. आंबेडकर नगर एक्सप्रेस पर खरगापुर रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इस अचानक हुए हमले में ट्रेन की खिड़कियों के शीशे टूट गए और बोगी के अंदर बैठे एक यात्री के सिर में चोट आई है।

खरगापुर स्टेशन से आगे निकलते ही दागे पत्थर

जानकारी के अनुसार, ट्रेन जैसे ही खरगापुर रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी, तभी रेलवे ट्रैक के किनारे पहले से मौजूद असामाजिक तत्वों ने चलती ट्रेन पर अचानक पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने मुख्य रूप से स्लीपर कोच S-1 और जनरल बोगी को निशाना बनाया।

शीशे तोड़कर अंदर पहुंचे पत्थर, एक यात्री घायल

उपद्रवियों द्वारा फेंके गए भारी पत्थर खिड़कियों के शीशे तोड़ते हुए कोच के अंदर जा पहुंचे। कांच फूटने और पत्थर लगने से ट्रेन के भीतर यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक यात्री के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद घायल यात्री को प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई गई।

RPF और रेलवे पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही RPF हरकत में आ गई है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। ट्रैक के आसपास के इलाके में सर्चिंग की जा रही है ताकि पथराव करने वाले अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m