बीजापुर। स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर बस्तर संभाग के दुर्गम और सुदूर अंचलों में एक नया अध्याय लिखा गया। बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिले के कुल 92 ऐसे गांव, जहां आजादी के बाद से अब तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका था, वहां इस वर्ष पहली बार बस्तरवासियों ने पूर्ण स्वतंत्रता की अनुभूति के साथ शान से तिरंगा फहराया।

इसी कड़ी में बीजापुर जिले के विकासखंड बीजापुर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कैका के सुदूर गांव ‘मोसला’ में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहां स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी प्रांगण में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस गौरवमयी पल के साक्षी बनने और ग्रामीणों के साथ खुशियां बांटने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दलदल और कठिन रास्तों को पार कर पहुंचे
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष का मोसला गांव तक पहुंचना अत्यंत चुनौतीपूर्ण था। पक्के रास्तों के अभाव, दुर्गम मार्गों और बारिश के कारण जगह-जगह बने दलदल के बावजूद राहुल योगराज टिकरिहा का उत्साह कम नहीं हुआ। वे मोटर साइकिल और पैदल यात्रा करते हुए इस सुदूर क्षेत्र तक पहुंचे। यात्रा के दौरान कई बार उनकी बाइक दलदल में फंसी, लेकिन अंचल के लोगों के बीच तिरंगा फहराने के संकल्प के सामने हर बाधा छोटी साबित हुई।

ग्रामीणों के साथ मनाया आजादी का जश्न
ध्वजारोहण के उपरांत ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि बस्तर आज विकास और विश्वास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। दशकों बाद इन 92 गांवों में तिरंगा फहराना इस बात का प्रतीक है कि स्वतंत्रता का प्रकाश अब बस्तर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। यह बस्तर के लिए सही मायनों में पूर्ण आजादी का दिन है।

इस ऐतिहासिक क्षण की सबसे खास और सुखद बात यह रही कि ग्राम के ही 14 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी तिरंगा फहराने के दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और मुख्यधारा में शामिल होकर तिरंगे को सलामी दी।

इस ऐतिहासिक क्षण में ग्राम कैका की सरपंच संगीता राणा, भाजपा महामंत्री संजय नुक्कड़, भाजयुमो जिला अध्यक्ष हरिहर साहनी, जिला उपाध्यक्ष राजू कलमू, दिलीप नुक्कड़, सिरोज विश्वकर्मा, बेचैन प्रसाद, गोलू नाग, राकेश पोनेम, अर्जुन हेमला, दीपेश यालम, निखिल नाग, लक्ष्मण होपका, रमेश राणा, लखन माझी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी और युवा उपस्थित रहे। तिरंगा फहराए जाने के बाद पूरे गाँव में हर्ष का माहौल देखा गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


