यूपी के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के लिए टीचिंग लर्निंग मैटेरियल तैयार करने को सरकार ने 56.36 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है. शिक्षकों को 31 अक्टूबर तक कक्षावार और विषयवार टीएलएम तैयार करना होगा, जबकि 15 अक्टूबर तक सामग्री की खरीद पूरी करनी होगी.
सतीश सिंह, लखनऊ. बेसिक शिक्षा के अधीन संचालित परिषदीय विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सरकार टीचिंग लर्निंग मैटेरियल भी उपलब्ध करा रही है. इसी क्रम में समग्र शिक्षा के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम) तैयार करने के लिए सरकार ने 56.36 करोड़ का बजट जारी किया है.
जारी बजट का उपयोग विद्यालय स्तर पर शिक्षकों द्वारा बच्चों की सीखने की जरूरत, कक्षा एवं विषय के अनुरूप उपयोगी शिक्षण सामग्री तैयार करने में किया जाएगा.
राज्य परियोजना निदेशक एवं महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के स्तर से जारी आदेश के मुताबिक विद्यालय स्तर पर टीएलएम निर्माण के लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई है. संबंधित सामग्री की खरीद 15 अक्टूबर तक पूरी करनी होगी, जबकि शिक्षकों द्वारा 31 अक्टूबर तक कक्षावार एवं विषयवार टीएलएम तैयार किया जाएगा.
उत्कृष्ट सामग्री को सामने लाने के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र स्तर पर निपुण टीएलएम मेला उत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षकों द्वारा विकसित टीएलएम का प्रदर्शन और कक्षा शिक्षण में उसके प्रभावी उपयोग का प्रस्तुतीकरण होगा.
हर कक्षा की जरूरत
समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 में स्वीकृत धनराशि के अंतर्गत यह बजट विद्यालय स्तर पर टीएलएम निर्माण के लिए उपलब्ध कराया गया है. इसका उद्देश्य कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षकों को ऐसी शिक्षण सामग्री तैयार करने के लिए संसाधन उपलब्ध कराना है, जो निपुण लक्ष्य से जुड़ी, सरल, उपयोगी और कक्षा-कक्ष में सहजता से प्रयोग की जा सके.
दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि टीएलएम पाठ्य बिंदु, विषयवस्तु और शिक्षण योजना के अनुरूप तैयार हो. सामग्री में उपयोगिता, टिकाऊपन और सहज उपलब्धता का ध्यान रखने के साथ बच्चों की स्वयं सामग्री बनाने और जोड़ने में सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है.
निपुण लक्ष्य से आकलन
सूची में कक्षा 1 से 5 तक के लिए ‘निपुण लक्ष्य’ पोस्टर, कक्षावार गणित एवं हिंदी की तालिका, कक्षा 3 से 5 के लिए अंग्रेजी एवं पर्यावरण अध्ययन की तालिका, शिक्षण-अधिगम से संबंधित आईईसी सामग्री, कैच-अप शिक्षण एवं आकलन ट्रैकर सहित विभिन्न सामग्री शामिल है.
इसके अतिरिक्त कार्ड बोर्ड, चार्ट पेपर, स्केच पेन, फ्लैश कार्ड, एबेकस, ग्लोब, भारत एवं विश्व के मानचित्र, कठपुतलियां, पशु-पक्षियों एवं परिवहन संबंधी चार्ट, घड़ी, वर्णमाला कार्ड आदि सामग्री की व्यवस्था सुझाई गई है.



