Tohana Paddy Scam : टोहाना। हरियाणा के फतेहाबाद जिले में धान खरीद और उठान व्यवस्था में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। टोहाना की रतिया रोड स्थित अतिरिक्त अनाज मंडी से भेजे गए धान की जांच में 149 बोरियां कम मिलीं। गेटपास में 920 बोरी धान दर्ज था, जबकि मौके पर गिनती करने पर केवल 771 बोरी ही मिली। जांच में अंतर सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित आढ़ती फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। वहीं वेयरहाउस के खरीद अधिकारी को भी टोहाना से हटा दिया गया है।

ट्रक की जांच में सामने आया मामला

यह मामला कंसल इंडस्ट्रीज भेजे गए धान की जांच के दौरान सामने आया। जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को मंडी के मुख्य गेट पर कुछ राइस मिलर्स ने ट्रकों को रोककर अनाज खाली करवाया था। इस दौरान मंडी में आवागमन भी प्रभावित हुआ। इसी बीच मंडी कर्मचारियों को एक ट्रक में लदे धान की मात्रा को लेकर संदेह हुआ।

मामले की जानकारी उपायुक्त फतेहाबाद को दी गई। इसके बाद एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा ने जांच के लिए कमेटी गठित की।

गेटपास में 920, ट्रक में मिलीं 771 बोरियां

जांच कमेटी ने कंसल राइस मिल पहुंचकर ट्रक में लदे धान की वीडियोग्राफी कराई और बोरियों की गिनती की। जांच में पता चला कि हरियाणा वेयरहाउस की ओर से खरीदा गया धान मैनुअल गेटपास के जरिए मिल भेजा गया था। दस्तावेज में 920 बैग दर्ज थे, लेकिन वास्तविक गिनती में 771 बैग ही मिले। इस तरह रिकॉर्ड और मौके पर मिले धान में 149 बोरियों का अंतर पाया गया।

आढ़ती फर्म का लाइसेंस निलंबित

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मार्केट कमेटी ने भारत भूषण पंकज बंसल की आढ़ती फर्म का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा हरियाणा स्टेट वेयरहाउस के जिला प्रबंधन ने टोहाना में तैनात खरीद अधिकारी संजय हुड्डा को वहां से हटा दिया है। उनकी जगह नरेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि रविंद्र कुमार को नारनौंद मंडी भेजा गया है।

मिलीभगत की आशंका, आगे की जांच के निर्देश

एसडीएम आकाश शर्मा ने अपनी रिपोर्ट में 149 बोरियों के अंतर को गंभीर अनियमितता बताया है। रिपोर्ट में आढ़ती फर्म, खरीद एजेंसी के कर्मचारी और संबंधित मिलर के बीच मिलीभगत की आशंका जताई गई है। उपायुक्त को संबंधित लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश भी भेजी गई है।

प्रशासन ने संदिग्ध राइस मिलों का भौतिक सत्यापन कराने की जरूरत बताई है। फिलहाल मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m