शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के स्कूलों में 1 से 3 सितंबर 2026 तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व विशेष रूप से मनाया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर प्रदेश के स्कूलों में जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजन कराने के आदेश दिए हैं। 

निर्देशों के अनुसार स्कूलों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन कराया जाएगा। श्रीकृष्ण की शिक्षाओं, श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान और उनसे जुड़े प्रसंगों पर आधारित नाट्य एवं नृत्य मंचन भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही धार्मिक मिथकों को तोड़ने के उद्देश्य से व्याख्यान का आयोजन होगा। सांदीपनि विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें गुरु सांदीपनि से जुड़े प्रसंगों तथा गुरु-शिष्य परंपरा पर परिचर्चा एवं नाट्य मंचन शामिल होंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिलों के स्कूलों में आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा है। आयोजन के फोटो और पालन प्रतिवेदन ई-मेल के माध्यम से लोक शिक्षण संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। यह आयोजन छात्रों में भारतीय संस्कृति, मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

सीलिंग के विरोध में आज भोपाल में बड़ी बैठक

सीलिंग को लेकर नाराज व्यापारियों की आज भोपाल में बड़ी बैठक होने जा रही है। भोपाल चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) की ओर से सीलिंग के मुद्दे पर आज विशेष बैठक बुलाई गई है। इसमें पूरे भोपाल के व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम द्वारा जारी नोटिस और सीलिंग की चेतावनी से व्यापारी नाराज हैं। दुकान संचालक इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आज की बैठक में बीसीसीआई सीलिंग के विरोध में आगे की रणनीति तैयार करेगी। व्यापारियों की मांगों और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री कुशाभाऊ ठाकरे हॉल पहुंचेंगे। यहां ‘एक संस्थान एक संकल्प’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव में वे शामिल होंगे। कॉन्क्लेव का विषय ‘कंट्रीब्यूशन ऑफ सेंट्रली फंडेड इंस्टीट्यूशन्स फॉर समृद्ध मध्य प्रदेश 2047’ है। इसमें 130 से अधिक केंद्रीय संस्थानों की सहभागिता रहेगी। शोध, नवाचार, तकनीक और मानव संसाधन विकास पर विशेष फोकस रहेगा।

दोपहर 12:15 बजे मुख्यमंत्री भारतीय वन प्रबंधन संस्थान पहुंचेंगे, जहां वन विभाग के अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:30 बजे वे रवींद्र भवन पहुंचकर युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बलराम कृषि महोत्सव में भी शामिल होंगे।शाम 4 बजे मुख्यमंत्री समत्व भवन में आयोजित बैठक में भाग लेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m