Haryana Weather Update: प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली है। रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में शाम होते ही धूल भरी आंधी चली और उसके बाद तेज बारिश हुई। इस अचानक हुई बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

सड़कों पर पानी का कब्जा

रेवाड़ी के रेलवे रोड पर भारी जलभराव हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि वहां से गुजरने वाली कई कारें और बाइकें पानी के बीच फंस गईं। वहीं, पानी के बहाव के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर स्थिति सिविल अस्पताल में देखी गई, जहां बारिश का गंदा पानी वार्डों के अंदर तक घुस गया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हुई।

अन्य जिलों में भी अलर्ट

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर दिख रहा है। फरीदाबाद में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। इससे पहले सुबह के समय सोनीपत में भी तेज बारिश दर्ज की गई थी।

आगामी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने हरियाणा के 12 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, चरखी दादरी, भिवानी, हांसी और जींद में आने वाले घंटों में बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m